*मतदान केन्द्रों का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश*
*राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक ने रतनचंद लोढ़ा बाल निकेतन व भूरी बाई विद्यालय का लिया जायजा*
पाली 7 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर निर्वाचन विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारियों की ओर से मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक सी.ए.डी., आई.जी.एन.पी. बीकानेर के अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्रपाल सिंह ने सोमवार को रतनचंद लोढ़ा बाल निकेतन एवं भूरी बाई विद्यालय में बनाए गए मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं एवं मतदान दलों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मतदान केन्द्रों पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, आवश्यक सुविधाओं तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसे लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूर्ण करने पर जोर दिया। इस अवसर पर चुनाव शाखा प्रभारी ललित कुमार दवे, रमेश कुमार अणकिया सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मतदान केन्द्रवार ईवीएम की कमिशनिंग -नगर निगम आम चुनाव को लेकर सोमवार को राजकीय विधि महाविद्यालय में मतदान केन्द्रवार आवंटित ईवीएम मशीनों की कमिशनिंग की प्रक्रिया भी शुरू की गई। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी ने बताया कि ईवीएम की कमिशनिंग संबंधित पार्षद प्रत्याशी अथवा उनके अधिकृत अभिकर्ताओं की मौजूदगी में कराई गई, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न हो।
मॉक पोल की दी जानकारी – राणावत ने बताया कि ईवीएम कमिशनिंग के लिए कुल 20 दलों का गठन किया गया है। गठित दलों की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत कंट्रोल यूनिट में कैंडिडेट रोल सेट करने, मॉक पोल करने तथा बैलेट यूनिट को निर्धारित तरीके से सेट किया गया। इसके बाद बैलेट यूनिट में मतपत्र डालकर उसकी टैगिंग की गई तथा संबंधित मतदान केन्द्र के टैग भी तैयार करवाए गए।
इस मौके पर विशेषाधिकारी कार्यालय निर्वाचन अधिकारी चौधरी बिरजू गोपाल, तहसीलदार सुनील कुमार, उप पंजीयक प्रथम शिवजीराम बावरी, तहसीलदार निर्वाचन नेहा चौधरी, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, महेन्द्र बैरवा, मोहित जोशी,कुलदीप जोशी, मीठालाल चांवरिया, चन्द्र प्रकाश अगनानी, दिलदार बक्श, जाकिर हुसैन,रामलाल,ताराचंद सेजू, सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217



