*न्यायिक अधिकारियों द्वारा जिला कारागृह का आकस्मिक निरीक्षण*
*बंदियों से वार्तालाप कर व्यवस्थाओं की ली जानकारी*
पाली, 29 जनवरी। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेंद्र कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) पाली विक्रम सिंह भाटी एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋचा चौधरी द्वारा गुरुवार को जिला कारागृह, पाली का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला कारागृह में कुल 105 बंदी निरुद्ध पाए गए।
निरीक्षण के समय न्यायिक अधिकारियों द्वारा कारागृह में निरुद्ध बंदियों से प्रत्यक्ष संवाद कर पीने हेतु स्वच्छ पानी, स्नान एवं धुलाई के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता, व्यक्तिगत स्वच्छता सामग्री, कपड़े धोने की व्यवस्था, रसोईघर, बैरक एवं शौचालयों की स्थिति तथा साफ-सफाई व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेंद्र कुमार द्वारा बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी प्रदान की गई, ताकि कोई भी बंदी निजी अधिवक्ता करने में असमर्थ होने अथवा विधिक सहायता के अभाव में बिना अधिवक्ता के निरुद्ध न रहे। साथ ही ऐसे बंदियों के संबंध में भी जानकारी ली गई जिनकी जमानत हो जाने के उपरांत भी वे कारागृह में निरुद्ध हैं तथा बंदियों को उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया।
नवआगंतुक बंदियों से वार्तालाप कर घटना अथवा आरोपित अपराध के समय उनकी आयु के संबंध में भी जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान यह बताया गया कि सभी बंदियों की ओपीडी समय में नियमित स्वास्थ्य जांच की जाती है तथा आपात स्थिति में बंदियों को राजकीय बांगड़ अस्पताल, पाली रेफर किया जाता है।
निरीक्षण के समय जिला कारागृह पाली के कारापाल जोराराम, जेल डिस्पेंसरी पाली के चिकित्सक डॉ. रॉयमेन जोसेफ, चीफ लीगल एंड डिफेंस काउंसिल पाली मानसिंह आशिया, सहायक जेल विजिटिंग लॉयर्स विनीता प्रजापत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217




