जनगणना-2027 के द्वितीय चरण हेतु पाली में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण 27 एवं 28 अक्टूबर को
पाली, 26 अक्टूबर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) को सुचारू, समन्वयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला कलक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. रविन्द्र गोस्वामी के निर्देशानुसार 27 एवं 28 अक्टूबर, 2026 को जिला कलक्टर सभागार, पाली में दो दिवसीय जिला स्तरीय गहन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में जिले के समस्त चार्ज के नियमित सहायकों, तकनीकी सहायकों एवं अन्य संबंधित कार्मिकों को जनगणना के द्वितीय चरण की कार्यप्रणाली के संबंध में सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
उप जिला जनगणना अधिकारी राजेन्द्र कुमार टांक ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान राज्यस्तरीय मास्टर ट्रेनर द्वारा सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से मकान सूचीकरण ब्लॉक (HLBC) से गणना ब्लॉक (EB) के निर्माण, एचएलबीसी वेब पोर्टल के माध्यम से गणना ब्लॉकों की जियो-टैगिंग एवं सीमांकन, ग्राम-नगर रजिस्टर तथा चार्ज रजिस्टर के निर्माण एवं विवरणों के संधारण, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के पंजीकरण तथा आवंटन सहित विभिन्न पोर्टल आधारित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं का प्रायोगिक अभ्यास भी करवाया जाएगा।
उप जिला जनगणना अधिकारी राजेन्द्र कुमार टांक ने बताया कि प्रशिक्षण में जिले के 8 ग्रामीण एवं 10 शहरी चार्ज से संबंधित जनगणना कार्यालयों के नियमित सहायकों, तकनीकी सहायकों सहित कुल 44 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। जनगणना कार्य निदेशालय, जयपुर के राज्यस्तरीय मास्टर ट्रेनर दिनेश रैंगर एवं उम्मेश विश्वकर्मा द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में आधुनिक तकनीक एवं वेब पोर्टल आधारित प्रक्रियाओं पर विशेष जोर देते हुए कार्मिकों को जनगणना के द्वितीय चरण के कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रभावी ढंग से संपादित करने के लिए दक्ष बनाया जाएगा।
—————
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


