*श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेला 2026 की तैयारियों को लेकर पशुपालकों व अश्व पालकों की बैठक आयोजित*
पाली, 30 जनवरी। श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेला 2026 के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को मेला स्थल स्थित श्री निम्बेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मारवाड़, गोडवाड़ एवं जालौर क्षेत्र के पशुपालकों एवं अश्व पालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशुपालकों एवं अश्व पालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता हरिशंकर मेवाड़ा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेला गोडवाड़ की धरा पर 35 वर्षों के उपरांत आयोजित हो रहा है, इसलिए हम सभी का सामूहिक दायित्व है कि जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस मेले का भव्य एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करें।
डॉ. अजित सिंह नारलाई ने बताया कि यह मेला केवल एक सामान्य राजकीय मेला नहीं है, बल्कि गोडवाड़ के पशुपालन एवं मारवाड़ी अश्वों को विश्व पटल पर पहचान दिलाने की दिशा में एक नई पहल सिद्ध होगा। उन्होंने सभी पशुपालकों एवं अश्व पालकों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे अपने पशु एवं अश्व 13 फरवरी से पूर्व मेला प्रांगण में लाएंगे तथा मेला समाप्ति के पश्चात ही उन्हें वापस ले जाएंगे।
पशुपालन विभाग संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज कुमार पंवार द्वारा मेले की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रम की तिथियों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सभी से मेला को भव्य बनाने के लिए सहयोग का आग्रह किया गया। साथ ही मेले से संबंधित सुझाव भी आमंत्रित किए गए, जिससे समय रहते संभावित समस्याओं का समाधान किया जा सके।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. परीक्षित पुरोहित ने बताया कि अश्व संबंधी मुख्य प्रतियोगिताएं 15 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएंगी, जबकि 14 फरवरी 2026 को ऊँट एवं अश्व श्रृंगार तथा नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में मेला स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, वाहन पार्किंग, पशु एवं पशुपालकों के लिए आवासीय व्यवस्थाओं सहित समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विभिन्न सुझाव दिए गए।
महंत सौरम भारती की उपस्थिति में मेला व्यवस्थाओं हेतु एक समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से श्री निम्बेश्वर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष जगत सिंह राणावत एवं हुक्म सिंह कवला को संरक्षक बनाया गया। समिति में हरिशंकर मेवाड़ा को अध्यक्ष, श्री लालजी चौधरी बड़गांवड़ा, रघुराज सिंह रणकपुर, राजेन्द्र सिंह कोरटा एवं पर्वत सिंह सलोदड़िया को उपाध्यक्ष तथा डॉ. अजित सिंह नारलाई, निर्भय सिंह कोरटा, अमित विक्रम सिंह एवं लक्ष्मण सिंह को महासचिव नियुक्त किया गया।
बैठक में हरि सिंह सोकड़ा, विजयपाल सिंह, हणवंत सिंह, शंकर सिंह मुंडारा, कुलदीप सिंह सेदड़िया, भागीरथ सिंह राजपुरोहित, युवराज सिंह खोड़ सहित अन्य गणमान्य अश्व पालकों एवं युवाओं ने अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। गठित समिति द्वारा मेला व्यवस्था संबंधी समस्त कार्य संपादित किए जाएंगे।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217




