*मारवाड़ जंक्शन में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य व सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित*
पाली, 20 जनवरी। महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक भागीरथ के निर्देशानुसार मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मारवाड़ जंक्शन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत “बेटियों का सम्मान, देश का स्वाभिमान” थीम पर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विषयक जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
कार्यशाला का संयोजन जिला हब एम्पावरमेंट ऑफ विमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री द्वारा किया गया। इस दौरान बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को आर्थिक, शैक्षिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।
कार्यशाला में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना तथा काली बाई भील शिक्षा सेतु योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इन योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं को उनके अधिकारों से अवगत कराते हुए योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
जेंडर स्पेशलिस्ट राजश्री ने बताया कि ये योजनाएं महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में सशक्त आधार प्रदान करती हैं तथा ऐसी कार्यशालाएं जिले में लिंग समानता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
सुपरवाइजर करीना ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के आयोजन बालिकाओं के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। यह न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि भविष्य की नेतृत्वकर्ता बालिकाओं को भी तैयार करते हैं।
यह कार्यशाला जिले में संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को नई गति देने वाली एक सार्थक पहल रही, जिससे बालिकाओं को उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर करीना, महिला सुपरवाइजर कमला शर्मा, गीता, सुनीता, प्रियंका, सुनेना, कुसुम (सहायक प्रशासनिक अधिकारी), धापू देवी, मीरा (एएनएम) सहित विद्यालय की प्राचार्या एवं कुल 90 बालिकाएं उपस्थित रहीं।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217



