*प्राधिकरण सचिव भाटी ने विद्यार्थियों को सरल भाषा में दी विधिक जानकारी*
पाली, 20 जनवरी। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी एवं स्थायी लोक अदालत सदस्य गजेन्द्र कंवर, पाली द्वारा ए.डी. डागा पब्लिक स्कूल, पाली में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सचिव भाटी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वावधान में तीन माह का राज्यव्यापी विशेष अभियान “न्याय आपके द्वार – लोक उपयोगिता समस्याओं का सुलभ एवं त्वरित समाधान” प्रारम्भ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत जनोपयोगी सेवाओं जैसे बिजली, पानी, परिवहन, बैंकिंग एवं बीमा, नगर निकाय, स्वास्थ्य सेवाएं, शैक्षिक सेवाएं, आवास एवं भू-संपदा सेवाएं, एलपीजी सेवा आदि से संबंधित शिकायतों की सुनवाई स्थायी लोक अदालत में निःशुल्क की जाएगी। अभियान के दौरान विहित प्रारूप अथवा सरल हस्तलिखित प्रार्थना-पत्र राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के समर्पित मोबाइल नंबर 9119365734 पर व्हाट्सएप के माध्यम से भी प्रेषित किए जा सकेंगे।
सचिव भाटी ने रालसा के एक्शन प्लान के अनुसार बचपन को सुरक्षित करने, अधिकारों की रक्षा करने एवं भविष्य निर्माण विषय पर बच्चों को जानकारी प्रदान की। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं, बाल विवाह के दुष्परिणाम, निःशुल्क विधिक सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना, बाल श्रम उन्मूलन, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, राष्ट्रीय लोक अदालत, नालसा पोर्टल एवं नालसा हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर स्थायी लोक अदालत सदस्य गजेन्द्र कंवर ने स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इसके माध्यम से विवादों के त्वरित समाधान के बारे में अवगत कराया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या आशा सोनी, उप प्राचार्य दिलीप प्रकाश पुरोहित, समन्वयक मनोहर सिंह, अधिकार मित्र मांगीलाल तंवर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217



