*पंचायतीराज संस्था आम चुनाव 2026*
*द्वितीय चरण में चार पंचायत समितियों की 146 ग्राम पंचायतों में होंगे चुनाव’*
*मतदान दल मंगलवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान केन्द्रों के लिए होंगे रवाना*
पाली, 26 अक्टूबर। पंचायतीराज संस्था आम चुनाव-2026 के तहत पाली जिले में द्वितीय चरण में जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए मंगलवार को बाली, देसूरी, पाली एवं रोहट पंचायत समिति क्षेत्रों के मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के पश्चात संबंधित ब्लॉक से अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना होंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ बजरंगसिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रमानुसार पाली एवं रोहट पंचायत समिति के लिए मतदान दल बांगड़ कॉलेज पाली से अपने अपने बूथ के लिए रवाना होंगे तथा बाली व देसूरी के मतदान दल संबंधित ब्लॉक से रवाना होंगे। चुनाव कार्यक्रम के तहत द्वितीय चरण में पंचायत समिति बाली क्षेत्र की 62 ग्राम पंचायतों में 198 मतदान केंद्र, देसूरी की 24 ग्राम पंचायतों में 110 मतदान केंद्र, पाली की 28 ग्राम पंचायतों में 112 मतदान केंद्र तथा रोहट की 32 ग्राम पंचायतों में 113 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल रवाना होंगे। इस प्रकार द्वितीय चरण में कुल 146 ग्राम पंचायतों में 533 मतदान केन्द्रों पर निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान दल संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं पंचायत समिति स्तर पर आयोजित अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद निर्वाचन सामग्री सहित अपने-अपने मतदान केन्द्रों के लिए प्रस्थान करेंगे। जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान 28 अक्टूबर को ईवीएम के माध्यम से करवाया जाएगा। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा। इसी क्रम 30 अक्टूबर को सरपंच एवं वार्ड पंच का चुनाव बैलेट के माध्यम से होगा, उसी दिन रात को चुनाव विजेता सरपंच की घोषणा कर दी जाएगी व दूसरे दिन 31 अक्टूबर को उप सरपंच का चुनाव करवाया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


