best news portal development company in india

*पाली में अंतरराष्ट्रीय किशोर (युवा) दिवस अभियान की शुरुआत* *पहले दिन जिले भर में स्वास्थ्य जांच, जागरूकता एवं परामर्श गतिविधियों की धूम*

SHARE:

*पाली में अंतरराष्ट्रीय किशोर (युवा) दिवस अभियान की शुरुआत*

*पहले दिन जिले भर में स्वास्थ्य जांच, जागरूकता एवं परामर्श गतिविधियों की धूम*

*12 व 13 अगस्त को उजाला केंद्रों, विद्यालयों और चिकित्सा संस्थानों में होंगे विशेष कार्यक्रम*

पाली, 11 अगस्त 2026/ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग पाली द्वारा अंतरराष्ट्रीय किशोर (युवा) दिवस के अवसर पर 11 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक जिले भर में विशेष किशोर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के प्रथम दिवस पर पाली जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों, उजाला केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा अन्य चिकित्सा संस्थानों में किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और स्वच्छता से संबंधित अनेक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि
अभियान के पहले दिन आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में किशोर-किशोरियों ने भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विद्यालयों में पहुंचकर स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किए, किशोर-किशोरियों से संवाद किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कई स्थानों पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए, जहां हीमोग्लोबिन, बीपी, दृष्टि परीक्षण, दंत स्वास्थ्य जांच तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। आवश्यकता अनुसार किशोर-किशोरियों को आगे की चिकित्सा जांच एवं उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर भी किया गया।

*एनीमिया, मानसिक स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष फोकस*
एडिशनल सीएमएचओ डॉ जीतकुमार गुर्जर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किशोर-किशोरियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, एनीमिया की रोकथाम, संतुलित पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल, नशा मुक्ति तथा प्रजनन स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सही जानकारी उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) की गोलियों का वितरण, कृमिनाशक दवा सेवन के प्रति जागरूकता, मासिक धर्म स्वच्छता पर परामर्श तथा पोषण संबंधी व्यवहार परिवर्तन गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
विद्यालयों में संवाद और स्वास्थ्य शिक्षा सत्र
अभियान के प्रथम दिवस पर स्वास्थ्य शिक्षा, पोस्टर प्रदर्शनी, समूह चर्चा, प्रश्नोत्तरी, किशोर स्वास्थ्य संवाद, व्यक्तिगत परामर्श तथा स्वच्छता संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कई विद्यालयों में किशोर-किशोरियों को मानसिक तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास, जीवन कौशल, डिजिटल सुरक्षा और नशे से बचाव के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया।

*दूसरे दिन 12 अगस्त को होंगे विशेष परामर्श शिविर*

आरसीएचओ डॉ विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत ने बताया कि 12 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय किशोर (युवा) दिवस के अवसर पर जिले के उजाला केंद्रों और चयनित चिकित्सा संस्थानों में विशेष किशोर परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में किशोर-किशोरियों को मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल, लैंगिक एवं प्रजनन स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया नियंत्रण, तनाव प्रबंधन तथा नशा मुक्ति जैसे विषयों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों और काउंसलरों द्वारा परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही इंटरैक्टिव सत्र, प्रश्नोत्तर कार्यक्रम, गोपनीय व्यक्तिगत परामर्श तथा किशोर स्वास्थ्य से संबंधित जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

*13 अगस्त को जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन*
डिप्टी सीएमएचओ डॉ वेदान्त गर्ग ने बताया कि अभियान के अंतिम दिन 13 अगस्त को विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान स्वास्थ्य शिक्षा, पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, निबंध प्रतियोगिता, रोल प्ले, समूह चर्चा, रैली, जनसंवाद, पोषण एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम तथा किशोर स्वास्थ्य से संबंधित सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक किशोर-किशोरियों तक स्वास्थ्य सेवाओं और परामर्श सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भविष्य के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Gautam Ujala
Author: Gautam Ujala

CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217

Leave a Comment