*केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की टीम ने पाली जिले में पांच दिवसीय व्यापक स्वास्थ्य निरीक्षण किया*

*वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कौशल गुप्ता के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, मलेरिया नियंत्रण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जमीनी मूल्यांकन*
*ROHFW जयपुर द्वारा गुणवत्ता सुधार, रोग नियंत्रण एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु दिए गए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश*
पाली, 31 जुलाई 2026/
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय (ROHFW), जयपुर के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) डॉ. कौशल गुप्ता के नेतृत्व में मंत्रालय की केंद्रीय स्वास्थ्य टीम ने 27 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक पाली जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का पांच दिवसीय विस्तृत निरीक्षण एवं तकनीकी मूल्यांकन किया। निरीक्षण का उद्देश्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोग नियंत्रण गतिविधियों, संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जमीनी स्तर पर आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि केंद्रीय टीम ने जिला मुख्यालय से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न स्तर के चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति, संसाधनों की उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण, प्रयोगशाला व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन तथा मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया।
ROHFW जयपुर की तकनीकी मॉनिटरिंग एवं गुणवत्ता सुधार की पहल
यह निरीक्षण स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय (ROHFW), जयपुर द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग एवं गुणवत्ता सुधार की प्रक्रिया के अंतर्गत किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने प्रत्येक स्तर पर कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, उपलब्धियों, चुनौतियों तथा सुधार की संभावनाओं का विश्लेषण किया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं जनोन्मुख बनाने के उद्देश्य से विस्तृत तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।
*मेडिकल कॉलेज से लेकर उप स्वास्थ्य केंद्र तक किया विस्तृत निरीक्षण*
डॉ. मारवाल ने बताया कि निरीक्षण की शुरुआत राजकीय मेडिकल कॉलेज, पाली एवं बांगड़ चिकित्सालय से की गई, जहां एआरटी सेंटर एवं टीबी अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों के पंजीकरण, परामर्श, दवा वितरण व्यवस्था तथा उपचार प्रबंधन का मूल्यांकन किया गया। केंद्रीय टीम ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता का भी अवलोकन किया। इसके पश्चात जिला उप चिकित्सालय सोजत में ओपीडी, आईपीडी, आपातकालीन सेवाएं, प्रयोगशाला जांच, उपकरणों की उपलब्धता, दवा प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण एवं रिकॉर्ड संधारण का निरीक्षण किया गया। देसूरी ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादड़ी में विशेष रूप से राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों, बुखार के मरीजों की स्क्रीनिंग, वेक्टर जनित रोगों की निगरानी, प्रयोगशाला जांच प्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था तथा भर्ती मरीजों को उपलब्ध सेवाओं का मूल्यांकन किया गया। वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कौशल गुप्ता ने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इसके अतिरिक्त रानी ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जवाली तथा बाली ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडारा में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, लेबर रूम प्रबंधन, संस्थागत प्रसव, राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम तथा आवश्यक औषधियों की उपलब्धता का निरीक्षण किया गया। उप स्वास्थ्य केंद्र खारड़ा एवं राजपुरा में एएनएम एवं आशा सहयोगिनियों द्वारा किए जा रहे फील्ड सर्वे, गर्भवती महिलाओं की निगरानी, टीकाकरण गतिविधियों, घर-घर स्वास्थ्य सेवाओं तथा सामुदायिक सर्विलांस प्रणाली की समीक्षा की गई।
*वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कौशल गुप्ता ने दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश*
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कौशल गुप्ता ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, विशेष रूप से मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बुखारग्रस्त संदिग्ध मरीज की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत मलेरिया जांच सुनिश्चित की जाए तथा पॉजिटिव मरीजों का तत्काल उपचार एवं अनिवार्य फॉलो-अप किया जाए ताकि संक्रमण की श्रृंखला को प्रभावी रूप से रोका जा सके।
उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, प्रयोगशाला गुणवत्ता, संक्रमण नियंत्रण, दवा प्रबंधन, रोगी सुरक्षा, मानव संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश भी दिए।
*केंद्रीय टीम ने दिए सुधारात्मक सुझाव*
केंद्रीय स्वास्थ्य टीम ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए गुणवत्ता सुधार की संभावनाओं की भी पहचान की तथा रिकॉर्ड संधारण, प्रयोगशाला सेवाओं की गुणवत्ता, संक्रमण नियंत्रण, रोगी सुरक्षा, दवा प्रबंधन, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के दस्तावेजीकरण एवं सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यावहारिक एवं समयबद्ध सुझाव दिए।
टीम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सुझावों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित किया जाए ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके।
*पाली जिले के टीम वर्क की सराहना*
पांच दिवसीय निरीक्षण के उपरांत केंद्रीय टीम ने पाली जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित प्रयासों तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।
वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कौशल गुप्ता ने कहा कि पाली जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा प्रदर्शित समन्वय, प्रतिबद्धता एवं टीम वर्क सराहनीय है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सुझावों का समयबद्ध क्रियान्वयन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी बनाएगा।
उन्होंने कहा कि “स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का उद्देश्य केवल निरीक्षण करना नहीं, बल्कि राज्यों एवं जिलों को तकनीकी सहयोग प्रदान कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सतत सुधार सुनिश्चित करना है। ROHFW जयपुर भविष्य में भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग, तकनीकी मार्गदर्शन एवं फील्ड सपोर्ट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।”
*सुझावों के शीघ्र क्रियान्वयन का दिया भरोसा*
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम में तेजाराम मीणा, रमेश कुमार पारीक, समीसिंह मीणा, महेश जांगिड़ साथ थेे तथा पाली जिले से सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अंकित माथुर, संबंधित ब्लॉकों के बीसीएमओ, चिकित्सालय प्रभारी, विशेषज्ञ चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने केंद्रीय टीम द्वारा दिए गए सुझावों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का विश्वास व्यक्त किया।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217



