*सचिव भाटी ने मानसिक विमंदित पुनर्वास गृह, रामासिया का किया निरीक्षण*
*इंटर्नशिप पर आए विधि विद्यार्थी ने जानी पुनर्वास गृह की कार्यप्रणाली*
पाली, 05 फरवरी। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) पाली विक्रम सिंह भाटी द्वारा रिद्धी सिद्धी सेवा संस्थान द्वारा संचालित मानसिक विमंदित पुनर्वास गृह, रामासिया का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने पुनर्वास गृह में उपलब्ध भोजन एवं पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था तथा मानसिक विमंदित बच्चों के पुनर्वास की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। विजिट के दौरान रसोईघर, आवासीय कमरों, स्नानघर एवं शौचालयों की स्वच्छता, साथ ही मौसम के अनुरूप की गई व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। पुनर्वास गृह में बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाया जा रहा है।
केयरटेकर निकी सागर ने बताया कि पुनर्वास गृह में मानसिक विमंदित बच्चों के लिए आवास, भोजन, शिक्षण एवं योगा की निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सचिव भाटी ने पुनर्वास गृह से बच्चों के पुनर्वास की प्रगति के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि बच्चों तक सभी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की पहुंच सुगम बनाई जाए, समय-समय पर उनकी चिकित्सकीय जांच करवाई जाए तथा बच्चों की रुचि के अनुरूप विभिन्न गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही इंटर्नशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत पाली जिले में इंटर्नशिप प्रशिक्षण प्राप्त करने आए विधि विद्यार्थी पुनित गोरा को केंद्र प्रबंधक द्वारा संस्थान की कार्यप्रणाली, पुनर्वास प्रक्रिया तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
निरीक्षण के दौरान केयरटेकर निकी सागर, जीवनराम सहित इंटर्नशिप विधि विद्यार्थी पुनित गोरा एवं संबंधित स्टाफ उपस्थित रहे।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217




