*प्राधिकरण सचिव भाटी ने किया वृद्धाश्रम का निरीक्षण*
पाली, 17 जनवरी। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) के सचिव विक्रम सिंह भाटी द्वारा सेवा समिति द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, पाली का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव विक्रम सिंह भाटी ने वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से पृथक-पृथक संवाद कर भोजन, पेयजल, चिकित्सा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के समय रसोईघर, आवासीय कक्ष, स्नानघर एवं शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
वृद्धाश्रम सेवा समिति के सदस्यों द्वारा सचिव को वृद्धाश्रम भवन एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया। वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक-पृथक कक्ष, बेड, पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही फिजियोथैरेपी की सुविधा भी प्रदान की जा रही है, जिसमें विषय-विशेषज्ञों द्वारा नियमित जांच की जाती है। इसके अतिरिक्त आयुर्वेदिक उपचार एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था भी उपलब्ध है। वृद्धजनों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर सचिव भाटी ने नालसा द्वारा संचालित विशेष अभियान “न्याय आपके द्वार” के संबंध में जानकारी देते हुए निःशुल्क विधिक सहायता, नालसा एवं रालसा द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की।
निरीक्षण के दौरान कांतिलाल सहित अन्य संबंधित व्यक्ति उपस्थित रहे।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


