*रक्त की 40 बूंदों ने जगाई जीवन की उम्मीद, गुंदोज में रक्तदान महादान, मानव सेवा के लिए उमड़ा जनसैलाब*

*सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के निर्देशन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुंदोज में विशाल रक्तदान शिविर, युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर निभाई सामाजिक जिम्मेदारी*
गुंदोज, 12 अगस्त 2026/ मानवता और सेवा की भावना से ओतप्रोत एक प्रेरणादायक पहल के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुंदोज में बुधवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल की अनूठी पहल पर उनके कुशल निर्देशन में आयोजित इस शिविर में स्थानीय युवाओं, ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने के संकल्प को साकार किया। शिविर के दौरान कुल 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना पीड़ितों और गंभीर मरीजों के लिए संजीवनी साबित होगा।
*मानवता की मिसाल बने रक्तदाता, सेवा भाव ने बढ़ाया अभियान का मान*
शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं का उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई, वहीं कई रक्तदाताओं ने पहली बार रक्तदान कर दूसरों के जीवन की रक्षा का संकल्प लिया। रक्तदान के बाद सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और सम्मान के साथ प्रोत्साहित किया जाएगा।
*एक यूनिट रक्त किसी को नई जिंदगी दे सकता है: डॉ. ललित कुमार*
चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. ललित कुमार ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और जरूरत पड़ने पर केवल मानव द्वारा दिया गया रक्त ही मरीज के जीवन की रक्षा कर सकता है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन अलग-अलग मरीजों के उपचार में उपयोगी हो सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के सेवा भाव, समर्पण और सामाजिक चेतना की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया।
*स्वास्थ्य विभाग और जनसहभागिता के समन्वय से मिली बड़ी सफलता*
शिविर के सफल आयोजन में अस्पताल के समस्त चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, लैब तकनीशियन, स्वास्थ्यकर्मी, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनियों तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक प्रयासों से शिविर सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
*रक्तदान अभियान को जिलेभर में मिल रहा व्यापक जनसमर्थन*
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के नेतृत्व में पाली जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। जिले के विभिन्न ब्लॉकों में आयोजित रक्तदान शिविरों के माध्यम से रक्त की उपलब्धता बढ़ाने, जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के प्रयास निरंतर जारी हैं।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217



