*रविवार को भी निगम कार्यालय में रही नामांकन की रेलमपेल, 660 से अधिक नामांकन पत्र वितरित, 330 प्रतिभूति रसीदें कटीं*
*अंतिम दिन टोकन से मिलेगा प्रवेश, भीड़ को देखते हुए निर्वाचन प्रशासन ने की व्यवस्था*
पाली, 30 अगस्त। नगर निगम आम चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दौर में प्रत्याशियों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। रविवार को राजकीय अवकाश होने के बावजूद नगर निगम कार्यालय में पार्षद पद के दावेदारों की आवाजाही बनी रही। नाम निर्देशन पत्र लेने के साथ ही प्रतिभूति राशि जमा करवाने के लिए उम्मीदवार एवं उनके समर्थक निगम कार्यालय पहुंचते रहे। निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों ने अवकाश के दिन भी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए कार्य किया।
हेल्प डेस्क पर दिनभर रही चहल-पहल -रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि संभावित उम्मीदवारों को नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर निगम कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। रविवार को भी हेल्प डेस्क पर कार्यरत कार्मिकों ने पार्षद पद के दावेदारों को नाम निर्देशन पत्र उपलब्ध करवाए तथा उन्हें नामांकन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार तक 660 से अधिक नामांकन पत्र वितरित किए जा चुके हैं। नामांकन पत्र लेने के लिए दिनभर दावेदारों की आवाजाही बनी रही।
330 प्रतिभूति रसीदें काटी -सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि नगर निगम आम चुनाव को लेकर निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आए, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बताया कि रविवार तक 330 प्रतिभूति रसीदें काटी जा चुकी हैं। नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को भी बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को और व्यवस्थित किया गया है।
अंतिम दिन टोकन से मिलेगा प्रवेश -सहायक रिटर्निंग अधिकारी राणावत ने बताया कि सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करवाने का अंतिम दिन है। अंतिम दिन प्रत्याशियों की संभावित भीड़ को देखते हुए टोकन व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत प्रत्याशियों को टोकन जारी कर क्रमवार प्रवेश दिया जाएगा, ताकि निगम कार्यालय में अनावश्यक भीड़भाड़ नहीं हो और दावेदार सुगमता से अपना नामांकन पत्र जमा करवा सकें।
निर्वाचन कार्य में जुटा अमला – नगर निगम आम चुनाव की तैयारियों एवं नामांकन प्रक्रिया को लेकर सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, अनिल नामा, राजेश कुमार सैन, रमेश अणकिया, सौरभ शर्मा, वरुण कुमार, घेवरचंद, धनराज प्रजापत, शंकर सिंह राजपुरोहित, मोहित माथुर, गौतमचंद मेवाड़ा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217




