*जिला कलक्टर ने राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के प्रवासन सर्वेक्षण में सहयोग की अपील की*
पाली, 24 जुलाई। भारत सरकार द्वारा देश के सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं से संबंधित विश्वसनीय जानकारी एकत्रित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (एनएसएस) कराया जाता है। वर्तमान में राज्य में राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के 81वें दौर के अंतर्गत प्रवासन सर्वेक्षण (Migration Survey) विषय पर जिले के चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जुलाई, 2026 से जून, 2027 तक सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है।
जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने जिलेवासियों से इस महत्वपूर्ण सर्वेक्षण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि यह सर्वेक्षण आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय के अधीन जिला सांख्यिकी कार्यालय के कार्मिकों द्वारा किया जा रहा है। सर्वेक्षण के दौरान अधिकृत कार्मिक घर-परिवार एवं व्यवसाय से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे।
उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली प्रत्येक जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय विश्लेषण, राष्ट्रीय योजनाओं के निर्माण एवं नीति-निर्धारण के लिए किया जाएगा। नागरिकों की निजता एवं गोपनीयता का पूरा सम्मान किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने जिले के सभी सरपंचों, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, समाज के प्रबुद्धजनों, स्वयंसेवी एवं वेलफेयर संस्थाओं तथा व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों से भी आग्रह किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के महत्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाएं तथा आमजन को सर्वेक्षण में सहयोग के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि जब सांख्यिकी कार्यालय के अधिकृत कार्मिक सर्वेक्षण के लिए उनके पास आएं, तो उन्हें सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि संकलित आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय योजनाओं के प्रभावी निर्माण, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं साक्ष्य-आधारित नीति-निर्धारण में किया जा सके।
——————-
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217



