best news portal development company in india

पाली जिले में 16 जून से 31 जुलाई तक चलेगा स्टॉप डायरिया अभियान-2026*

SHARE:

*पाली जिले में 16 जून से 31 जुलाई तक चलेगा स्टॉप डायरिया अभियान-2026*

*डायरिया की रोकथाम, सफाई और ओआरएस से रखें अपना ध्यान… थीम पर संचालित होगा अभियान*

*दस्त रोग नियंत्रण एवं जनजागरूकता गतिविधियों का होगा व्यापक आयोजन*

पाली, 11 जून 2026/
मानसून ऋतु के दौरान बच्चों में होने वाले दस्त (डायरिया) रोग की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से पाली जिले में आगामी 16 जून से 31 जुलाई 2026 तक “स्टॉप डायरिया अभियान-2026” का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले भर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित कर आमजन को दस्त रोग से बचाव, स्वच्छता एवं समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा।

सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि वर्ष 2026 में यह अभियान “डायरिया की रोकथाम, सफाई और ओआरएस से रखें अपना ध्यान” थीम पर संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य पांच वर्ष तक के बच्चों में दस्त से होने वाली बीमारी एवं मृत्यु दर को कम करना तथा समुदाय को सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान दूषित पानी एवं अस्वच्छ वातावरण के कारण दस्त रोग के मामलों में वृद्धि होने की संभावना रहती है। दस्त बच्चों में कुपोषण और मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है, इसलिए समय पर उपचार एवं रोकथाम अत्यंत आवश्यक है।
अभियान के अंतर्गत जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं विद्यालयों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। चिकित्सा कर्मियों, आशा सहयोगिनियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर संपर्क कर दस्त रोग से बचाव, हाथ धोने की सही विधि, स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा ओआरएस एवं जिंक के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी।
अभियान के दौरान पांच वर्ष तक के बच्चों वाले परिवारों को ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) पैकेट एवं जिंक की गोलियों का वितरण किया जाएगा। स्वास्थ्य कार्यकर्ता दस्त होने पर बच्चे को तुरंत ओआरएस घोल पिलाने तथा चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित करेंगे।
जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में ओआरएस एवं जिंक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को अभियान के प्रभावी संचालन एवं दस्त रोग प्रबंधन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
अभियान के तहत ग्राम सभाओं, स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य मेलों एवं सामुदायिक बैठकों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया, आईईसी सामग्री, पोस्टर, बैनर एवं प्रचार-प्रसार के अन्य माध्यमों से भी आमजन तक अभियान का संदेश पहुंचाया जाएगा। डिप्टी सीएमएचओ डॉ वेदांत गर्ग एवं आरसीएचओ डॉ विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत ने बताया कि स्टॉप डायरिया अभियान को लेकर राज्य स्तर से हाल ही में वीसी ली गई जिसमें अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।
इधर, सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने आमजन से अपील की है कि वे स्वच्छता अपनाएं, केवल सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल का उपयोग करें, भोजन को ढंककर रखें तथा बच्चों में दस्त के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत ओआरएस देना प्रारंभ करें और नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र से संपर्क करें।

Gautam Ujala
Author: Gautam Ujala

CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और पढ़ें