*एचपीवी टीकाकरण को गति देने के लिए जिले में चलाया जाएगा 7 दिवसीय विशेष अभियान*
*स्कूलों, आंगनबाड़ी व चिकित्सा संस्थानों के समन्वय से 14–15 वर्ष की बालिकाओं का होगा टीकाकरण*
पाली, 21 अप्रैल 2026/
बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के उद्देश्य से जिले में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम को गति देने के लिए 7 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान शिक्षा विभाग, आईसीडीएस विभाग एवं चिकित्सा विभाग के समन्वय से 14 से 15 वर्ष आयुवर्ग की पात्र बालिकाओं का व्यापक स्तर पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि इस अभियान का जिले में सफल संचालन के लिए जिला कलक्टर की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग एवं आईसीडीएस विभाग के जिला अधिकारियों की बैठक आयोजित कर विस्तृत कार्ययोजना लागू की जाएगी।
आरसीएचओ डॉ विजेन्द्र पाल सिंह चुंडावत ने बताया कि सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में अध्ययनरत 14 से 15 वर्ष आयुवर्ग की बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा स्कूलों के निकटतम टीकाकरण सत्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके कार्यक्षेत्र में पात्र बालिकाओं की पहचान कर उन्हें निकटतम टीकाकरण सत्र तक मोबिलाइज करने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग संबंधित महिला सुपरवाइजर एवं सीडीपीओ द्वारा की जाएगी। चिकित्सा संस्थानों पर कार्यरत प्रत्येक सीएचओ, एएनएम एवं आशा को प्रति टीकाकरण सत्र कम से कम 10 बालिकाओं तथा पीएचसी प्रभारी/सत्र प्रभारी को कम से कम 50 बालिकाओं को टीकाकरण के लिए लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
आवश्यकता पड़ने पर चिन्हित चिकित्सा संस्थानों के अतिरिक्त अन्य राजकीय चिकित्सा संस्थानों पर भी एचपीवी टीकाकरण साइट स्थापित की जाएगी। इसके लिए एईएफआई प्रबंधन, चिकित्सा अधिकारी की उपलब्धता, कोल्ड चेन पॉइंट, एनाफाइलेक्सिस किट एवं एईएफआई किट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
सत्र आयोजित करने वाले चिकित्सा संस्थान प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्र के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों के संस्था प्रधानों से समन्वय स्थापित कर पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। आवश्यकता अनुसार 104 ममता एक्सप्रेस वाहन का उपयोग कर बालिकाओं को टीकाकरण स्थल तक लाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं आमजन से अपील की है कि बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए लक्षित आयुवर्ग की सभी बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण करवाकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


