*किशोरी स्वास्थ्य एवं पोषण द्वितीय दिवस जागरूकता कार्यक्रम मारवाड़ जंक्शन में आयोजित*
पाली, 07 अप्रैल। जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मारवाड़ जंक्शन में किशोरी स्वास्थ्य एवं पोषण द्वितीय दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक भागीरथ चौधरी के निर्देशानुसार आयोजित हुआ। इसकी शुरुआत पन्नाधाय केंद्र की केंद्र प्रबंधक प्रियंका व्यास एवं विधिक सलाहकार भाग्यश्री गहलोत द्वारा विद्यालय के प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। बालिकाओं को बताया गया कि सेनेटरी नैपकिन का सही उपयोग कैसे किया जाए, समय-समय पर उसे बदलना क्यों आवश्यक है तथा अधिक परेशानी होने पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से एएनएम मीरा ने मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा की। वहीं सुपरवाइजर करीना हंस ने एनीमिया से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए फोलिक एसिड, आयरन और कैल्शियम की गोलियों के सेवन के महत्व को समझाया तथा जीवन कौशल से जुड़ी आवश्यक बातों पर भी प्रकाश डाला।
तालुका विधिक सेवा समिति मारवाड़ जंक्शन के अधिकार मित्र मोहम्मद आसिफ ने बाल विवाह से जुड़े दुष्परिणामों तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान केंद्र प्रबंधक एवं परामर्शदाता द्वारा 181, 112 और 1098 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी बालिकाओं को दी गई तथा विभागीय योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के संदेश को आगे बढ़ाते हुए बालिकाओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इस दौरान बालिकाओं के हाथों पर ‘बेटी बचाओ’ का लोगो बनवाकर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य, सशक्त नारी और शिक्षित समाज का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। मेहंदी प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान भी घोषित किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, विद्या रामनानी, उर्मिला, कमला शर्मा, गीता सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं लगभग 100 बालिकाएं उपस्थित रहीं।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


