*जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया जिला कारागृह का आकस्मिक निरीक्षण*
पाली, 30 जुलाई। राजस्था
न राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सत्र न्यायाधीश) राजेन्द्र कुमार एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी द्वारा गुरूवार को जिला कारागृह का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला कारागृह में 85 बंदी निरुद्ध मिले। निरीक्षण के दौरान राजेन्द्र कुमार द्वारा बंदियों से वार्तालाप कर कारागृह में भोजन, चिकित्सकीय सुविधा, पेयजल, सफाई व्यवस्था आदि के संबंध में जानकारी ली गई।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार द्वारा बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि कोई भी बंदी निजी अधिवक्ता करने में असमर्थ होने अथवा विधिक सहायता के अभाव में बिना अधिवक्ता के कारागृह में निरुद्ध न रहे।
निरीक्षण के दौरान ऐसे बंदियों के संबंध में भी जानकारी ली गई, जिनकी जमानत स्वीकृत होने के उपरांत भी वे अभिरक्षा में हैं। साथ ही बंदियों को उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति के बारे में अवगत कराया गया।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा बंदियों से वार्तालाप कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। नवागंतुक बंदियों से बातचीत कर घटना/आरोपित अपराध के समय उनकी आयु के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के दौरान न्यायिक अधिकारियों द्वारा बंदियों से कारागृह में करवाए जाने वाले कार्यों के संबंध में जानकारी ली गई। बंदियों ने बताया कि जेल में जाति अथवा धर्म के आधार पर कार्यों का बंटवारा नहीं किया जाता है, बल्कि क्रमिक/रोटेशन के आधार पर बंदियों को कारागृह में कार्यों का वितरण किया जाता है।
बंदियों ने यह भी बताया कि कारागृह में किसी विशेष जाति अथवा धर्म से संबंधित बंदियों के समूह के प्रति विशेष व्यवहार नहीं रखा जाता तथा किसी बंदी को उसकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति, जाति, वर्ग या लिंग के आधार पर वर्गीकृत नहीं किया जाता है।
निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी ली गई कि सभी बंदियों की ओपीडी के समय स्वास्थ्य जांच की जाती है तथा आपात स्थिति होने पर बंदियों को राजकीय बांगड़ अस्पताल, पाली रेफर किया जाता है।
निरीक्षण के दौरान कारापाल जिला कारागृह जोराराम, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल मानसिंह आशिया तथा सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल अल्ताफ हुसैन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
————-
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217




