*राष्ट्रीय डेंगू दिवस 16 मई 2026 पर विशेष जागरूकता अभियान*
*हर रविवार 30 मिनट – मच्छरों पर वार…का देंगे संदेश*
पाली, 15 मई 2026/
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पाली की ओर से राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलेभर में डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक कर स्वच्छता एवं सावधानी अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर “हर रविवार 30 मिनट–मच्छरों पर वार” संदेश के माध्यम से नागरिकों से अपने घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने एवं सफाई करने की अपील की गई।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ वेदांत गर्ग ने बताया कि डेंगू का मच्छर साफ एवं रुके हुए पानी में पनपता है, इसलिए पानी की टंकियों को ढककर रखें, कूलर का पानी नियमित बदलें, गमलों, टायरों, डिब्बों एवं अन्य पात्रों में पानी जमा नहीं होने दें।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से प्रत्येक रविवार को “सूखा दिवस” मनाने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल 30 मिनट की सावधानी डेंगू जैसी गंभीर बीमारी से बचाव कर सकती है। अभियान के तहत लोगों को घर के आसपास साफ-सफाई रखने, नालियों की नियमित सफाई करने एवं मच्छरदानी तथा पूरी बांह के कपड़े उपयोग करने की सलाह दी गई।
उन्होंने ने बताया कि तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, उल्टी एवं कंपकंपी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच करवाएं। समय पर जांच एवं उपचार से डेंगू से होने वाली जटिलताओं से बचा जा सकता है।
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें एवं दूसरों को भी जागरूक करें, क्योंकि बचाव ही उपचार है।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


