best news portal development company in india

पेट्रोल पम्पों पर विधिक माप विज्ञान विभाग की कार्रवाई जारी, दो दिनों में 11 पम्पों पर लगा जुर्माना*

SHARE:

*पेट्रोल पम्पों पर विधिक माप विज्ञान विभाग की कार्रवाई जारी, दो दिनों में 11 पम्पों पर लगा जुर्माना*

पाली, 16 मई। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा जिले में पेट्रोल पम्पों पर औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को सहायक नियंत्रक भावना दयाल (अजमेर) एवं राकेश माहेश्वरी (उदयपुर) ने पाली जिले के 6 पेट्रोल आउटलेट्स का निरीक्षण किया।

जिला रसद अधिकारी कमल कुमार पंवार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कच्छवाहा बस सर्विस बीपीसीएल, पाली के पेट्रोल के दो नोजलों में 5 लीटर माप पर 30-30 एमएल की कमी पाई गई। वहीं अर्बुदाजी फिलिंग स्टेशन पर 5 लीटर का माप असत्यापित मिला तथा सत्यापन प्रमाण पत्रों का प्रदर्शन नहीं किया गया। यह विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 की धारा 29/33 तथा राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियम, 2011 के नियम 53(3) का उल्लंघन पाया गया।

कार्रवाई करते हुए अर्बुदाजी फिलिंग स्टेशन पर 2000 रुपये का जुर्माना तथा 500 रुपये का चालान बनाया गया। वहीं कच्छवाहा बस सर्विस बीपीसीएल पर प्रति नोजल 1000-1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

उन्होंने बताया कि पाली जिले में पिछले दो दिनों के दौरान कुल 11 पेट्रोल पम्पों पर अनियमितताएं पाए जाने पर 9500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी पेट्रोल पम्पों की नियमित जांच जारी रखी जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले पेट्रोल पम्प संचालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना तथा आमजन को सही माप-तौल एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Gautam Ujala
Author: Gautam Ujala

CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217

Leave a Comment