*पीएम स्वनिधि योजना के तहत विशेष ऋण वितरण शिविर आयोजित, 40 ऋण स्वीकृत*
पाली, 05 जून। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत नगर निगम पाली एवं यश बैंक के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय विशेष ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स एवं असंगठित क्षेत्र में कार्यरत छोटे व्यापारियों को वित्तीय सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
जिला परियोजना अधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि योजना के तहत प्रथम ऋण के रूप में 15 हजार रुपये, द्वितीय ऋण के रूप में 25 हजार रुपये तथा तृतीय ऋण के रूप में 50 हजार रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। योजना का लाभ फुटकर विक्रेताओं, फल एवं सब्जी विक्रेताओं, केबिन संचालकों, असंगठित श्रमिकों, गिग वर्कर्स, परिवहन कर्मियों, घरेलू कामगारों, भवन निर्माण श्रमिकों, हॉकरों, वेस्ट वर्कर्स, रैग पिकर्स एवं दस्तकारों सहित विभिन्न वर्गों को दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान यश बैंक द्वारा 40 द्वितीय ऋण एवं 10 प्रथम ऋण आवेदनों की प्रक्रिया में भाग लिया गया, जिनमें से 40 ऋण स्वीकृत किए गए। इससे पात्र लाभार्थियों को अपने व्यवसाय के विस्तार एवं स्वरोजगार को मजबूत करने में सहायता मिलेगी।
इसी क्रम में नगर निगम पाली द्वारा सुंदर नगर स्थित राजश्री स्कूल में विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में 25 लाभार्थियों ने भाग लिया। नगर निगम के शेरसिंह ने उपस्थित लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि योजना की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
शिविर के दौरान लाभार्थियों के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा मौके पर ही 10 पात्र लाभार्थियों के ऑनलाइन आवेदन भी किए गए। नगर निगम पाली द्वारा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजना से जोड़ने तथा उन्हें स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


