*सीएमएचओ कार्यालय में कार्मिकों को दिलाई अग्नि सुरक्षा की शपथ*
पाली, 4 मई 2026/ जिला मुख्यालय पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ कार्यालय में सोमवार को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीत कुमार गुर्जर ने बताया कि अस्पतालों, क्लीनिकों एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सदैव तैयार रहें।
शपथ के दौरान कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे अपने संस्थान में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता की संस्कृति विकसित करेंगे, आवश्यक संसाधनों की जानकारी रखेंगे तथा आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करेंगे। साथ ही मरीजों, स्टाफ एवं संस्थान में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया।
इस मौके पर डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग, आरसीएचओ डॉ. विजेंद्र पाल सिंह चुंडावत सहित अन्य अधिकारियों ने कहा कि सतर्कता एवं समय पर तैयारी से अग्नि दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। सभी ने सुरक्षित एवं संरक्षित कार्य वातावरण बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर सुरक्षा, जिम्मेदारी एवं विश्वास की भावना को सुदृढ़ करने तथा भविष्य में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निरंतर प्रयास करने का विश्वास व्यक्त किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य भवन के सभी कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


