best news portal development company in india

सुमेरपुर के संजय नगर में नकली घी बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 8 घंटे चली संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में माल जब्त

SHARE:

*सुमेरपुर के संजय नगर में नकली घी बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 8 घंटे चली संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में माल जब्त*

पाली, 16 अप्रैल 2026/
पाली जिले के सुमेरपुर कस्बे के संजय नगर क्षेत्र में नकली घी का कारोबार संचालित होने की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी घी बनाने और नामी कंपनियों के नाम से पैकिंग कर बाजार में बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई करीब 8 घंटे तक चली, जिसमें गोदाम से भारी मात्रा में नकली घी, पैकिंग सामग्री तथा मशीनरी जब्त की गई।
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि चिकित्सा विभाग के खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि पाली जिले के सुमेरपुर कस्बे के संजय नगर स्थित एक गोदाम में पाम ऑयल व अन्य हानिकारक केमिकल मिलाकर नकली घी तैयार किया जा रहा है तथा इसे सरस, अमूल, नोवा, कृष्णा, बनास सहित अन्य नामी कंपनियों के नाम से 15 किलोग्राम टीन व टेट्रा पैक में पैक कर बाजार में बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा है। सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान गोदाम से 15 किलोग्राम क्षमता के करीब 150 टीन नकली घी बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में रखवाया गया। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के नाम से पैक किए गए टेट्रा पैक में लगभग 260 किलोग्राम घी भी मौके पर जब्त किया गया। मौके से सरस, अमूल, नोवा, कृष्णा, बनास सहित कई नामी कंपनियों के पैकिंग मैटेरियल बड़ी मात्रा में बरामद किए गए। टीम ने सरस ब्रांड की पैकिंग मशीन भी जब्त की।
खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके से घी के 6 नमूने जांच के लिए लिए। प्राथमिक जांच में पाया गया कि पाम ऑयल में अन्य हानिकारक केमिकल मिलाकर नकली घी तैयार किया जा रहा था और उसे 15 किलोग्राम के टीन में भरकर अमूल सहित अन्य कंपनियों के नाम से पैक किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान नकली घी के कारोबार से जुड़े रूपसिंह जाखोड़ा का नाम सामने आया। पूछताछ में जानकारी मिली कि आरोपी के अन्य स्थानों पर भी इस प्रकार का मिलावटी कारोबार संचालित किया जा रहा है। मौके पर नकली घी की पैकिंग करते हुए पर्वतसिंह, खुशाल सुथार सहित एक अन्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
इधर, सरस विभाग द्वारा भी ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर डुप्लीकेट पैकिंग करने के संबंध में सुमेरपुर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सुमेरपुर थाने के सीओ जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल ने खाद्य सुरक्षा विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का पर्दाफाश किया।
इधर, सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि जब्त नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है तथा रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने आमजन से अपील की है कि संदिग्ध या बिना बिल के घी अथवा खाद्य पदार्थों की खरीद से बचें और किसी भी प्रकार की मिलावट की सूचना विभाग को दें। इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम को करीब 8 घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद मिलावटी घी के अवैध कारोबार का खुलासा हो सका।

Gautam Ujala
Author: Gautam Ujala

CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और पढ़ें

पाली जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी के निर्देशानुसार एवं मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी/अधिशासी अभियंता कलिम अशरफ के निर्देशन में पाली शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

पाली जिला महर्षि गौतम सुत सैवा समिती (रजि.)के निर्विरोध निर्वाचित अधयक्ष भगवती प्रसाद नाबरीया,महामंत्री पपू शर्मा,कोषाधयक्ष कृंषणकात गौतम की प्रथम आमसभा मे हार्दिक अभिनंदन समाज बंधुओ द्वारा किया गया।