*जिला स्तरीय तीन दिवसीय सर्विस प्रोवाइडर प्रशिक्षण संपन्न*
पाली, 7 जनवरी 2026/ चिकित्सा विभाग की ओर से जिला मुख्यालय पर तीन दिवसीय सर्विस प्रोवाइडर ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) उपस्थित रहे।
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि जिला मुख्यालय पर सोमवार से शुरू हुआ प्रशिक्षण का समापन बुधवार को हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य स्तरीय प्रशिक्षक विजय कुमार शर्मा एवं मनोज कुमार द्वारा विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) के तहत चिकित्सा संस्थानों में गुणवत्ता सुधार, मरीज संतुष्टि, सेवा प्रक्रिया एवं दस्तावेजीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
प्रशिक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक भवानी सिंह, ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर कमल गेहलोत तथा जिला आशा समन्वयक कुलदीप गोस्वामी द्वारा भी प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया एवं अपने अनुभव साझा किए गए।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन बुधवार को सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने उपस्थित समस्त सीएचओ को संबोधित किया। उन्होंने राज्य में चिकित्सा संस्थानों पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड के अनुरूप सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से अर्जित ज्ञान का उपयोग कर सरकारी चिकित्सा संस्थानों को भी निजी चिकित्सा संस्थानों की भांति सभी राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर कार्य करना चाहिए। तीन दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ, जिसे प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी एवं लाभकारी बताया।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


