नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : के.सी. सैनी
पाली में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर पड़ोस युवा संसद-2026 का आयोजन

पाली, 10 अक्टूबर। मेरा युवा भारत केंद्र, पाली की ओर से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम के तहत कृष्णा प्राइवेट आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज, चिमनपुरा, पाली में पड़ोस युवा संसद-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएमएचओ पाली के.सी. सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर आईटीआई कॉलेज के प्राचार्य सुनील जोशी, हरिश सोनी, हितेश सोनी, गिरीश दवे सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा
कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जिला युवा अधिकारी महेश सिंह शेखावत ने मेरा युवा भारत केंद्र की ओर से संचालित नशामुक्ति अभियान एवं विभिन्न युवा गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को सामाजिक सरोकारों, नेतृत्व विकास एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से MY Bharat प्लेटफॉर्म से जुड़कर विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
डिप्टी सीएमएचओ के.सी. सैनी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि नशे की लत धीरे-धीरे व्यक्ति के स्वास्थ्य, भविष्य और पारिवारिक जीवन को प्रभावित करती है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि नशामुक्त भारत का निर्माण करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवार या मित्र मंडली में नशे की लत से प्रभावित कम से कम एक व्यक्ति की पहचान कर उसे उचित परामर्श एवं उपचार दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने ऐसे व्यक्तियों को राजकीय बांगड़ अस्पताल, पाली स्थित नशामुक्ति केंद्र से जोड़ने की पहल करने का संदेश दिया।
संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच से बनाएं बेहतर भविष्य
आईटीआई कॉलेज के प्राचार्य सुनील जोशी ने युवाओं के जीवन में पारंपरिक संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्कार युवाओं को सही दिशा प्रदान करते हैं तथा उन्हें अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं। युवा पीढ़ी का नैतिक मूल्यों से दूर होकर नशे की ओर बढ़ना चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, आत्मसंयम एवं अनुशासन बनाए रखने और सकारात्मक आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मनीष सोमनानी ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं की नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने MY Bharat प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण कर उपलब्ध गतिविधियों में भाग लेने की प्रक्रिया भी समझाई।
खेल, संगीत और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ें स्वयं को
दिलीप दवे, धीरज दवे एवं हिमांशु सोनी ने युवाओं को नशे से दूर रहकर पढ़ाई एवं भविष्य के लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की ओर आकर्षित होने के बजाय खेलकूद, संगीत, कला, पठन-पाठन एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। अपनी रुचि के अनुरूप सकारात्मक गतिविधियों में समय देने से युवाओं की ऊर्जा का सदुपयोग होता है और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।
नशामुक्ति के लिए हेल्पलाइन 14446 की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के लिए उपलब्ध परामर्श, उपचार सुविधाओं एवं सरकारी योजनाओं के संबंध में प्रश्न पूछे। इस अवसर पर भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की राष्ट्रीय नशामुक्ति हेल्पलाइन नंबर 14446 की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्ति एवं उनके परिजन परामर्श तथा उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
विद्यार्थियों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत संचालित जागरूकता गतिविधियों के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों की उपेक्षा करने के बजाय उन्हें उचित मार्गदर्शन, परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने में सहयोग करना चाहिए। विद्यार्थियों के संवाद एवं जिज्ञासाओं से कार्यक्रम जागरूकतापूर्ण और संवादपरक बना।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


