*पीएम स्वनिधि योजना के तहत विशेष ऋण शिविर 13 जून को*
पाली, 12 मई। भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत पथ विक्रेताओं एवं सड़क पर सेवा देने वाले असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। नगर निगम पाली में जिला कलक्टर के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ बुधवार को पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स के लिए विशेष ऋण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगामी शिविर 13 जून 2026 को आयोजित होगा। शिविर में सभी बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहकर पात्र व्यक्तियों के सिबिल स्कोर एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर शत-प्रतिशत आवेदकों को ऋण वितरण सुनिश्चित करेंगे। शिविर में भाग लेने वाले आवेदकों को दो फोटो, बैंक खाते की डायरी, आधार कार्ड, जन आधार कार्ड एवं पेन कार्ड की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को एलओआर के माध्यम से बैंकों द्वारा तीन चरणों में ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये का ऋण दिया जाएगा। साथ ही द्वितीय ऋण पूर्ण करने वाले लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड के लिए भी आवेदन करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि से समृद्धि योजना के तहत लाभार्थियों की सामाजिक एवं आर्थिक प्रोफाइलिंग कर उन्हें भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इनमें प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, एक राष्ट्र एक राशन कार्ड, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, बिल्डिंग एवं अन्य निर्माण श्रमिक योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, जननी सुरक्षा योजना तथा प्रधानमंत्री जन धन योजना शामिल हैं।
जिले में अब तक पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत प्रथम चरण में 15 हजार रुपये का ऋण 6113 पथ विक्रेताओं को, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये का ऋण 1746 पथ विक्रेताओं को तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये का ऋण 268 पथ विक्रेताओं को उपलब्ध कराया गया है। कुल मिलाकर 7 प्रतिशत ब्याज दर पर 11.68 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। इससे लाभार्थियों के परिवारों की आर्थिक स्थिति एवं जीवन स्तर में सुधार हुआ है। योजना ने पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें सम्मानजनक पहचान भी दिलाई है।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


