*प्राधिकरण सचिव भाटी ने नशा मुक्ति पोस्टर का विमोचन कर दिलाई शपथ*
पाली, 09 जनवरी। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी द्वारा पीएम श्री राजकीय बांगड़ उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाली में समर्पण मारवाड़ सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान समर्पण मारवाड़ सेवा संस्थान के नशा मुक्त भारत जागरूकता अभियान से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर समर्पण मारवाड़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष कपिल अरोड़ा ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा मुक्त भारत जागरूकता अभियान की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सहायता हेतु उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विक्रम सिंह भाटी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा नालसा द्वारा जारी “नशा पीड़ितों को विधिक सेवाएं और नशे का उन्मूलन” योजना के बारे में विस्तार से बताया और सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इसके अतिरिक्त उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के बीच निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें रिंकू ने प्रथम, मोनिका ने द्वितीय तथा जास्मिन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी राहुल राजपुरोहित, राजकीय बांगड़ उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य बसंत परिहार, समर्पण मारवाड़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष कपिल अरोड़ा, विजय लक्ष्मी अरोड़ा, गुरप्रीत सिंह, मांगीलाल तंवर (अधिकार मित्र) सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


