*गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया 25 से 27 मार्च तक*
पाली, 06 मार्च। गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र, पाली के अभ्यर्थियों की नामांकन प्रक्रिया 25 मार्च से 27 मार्च 2026 तक परेड ग्राउंड, प्रथम बटालियन आरएसी, मण्डोर रोड, जोधपुर में आयोजित की जाएगी।
गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र समादेष्टा प्रदीप कुमार ने बताया कि यह नामांकन प्रक्रिया निदेशालय गृह रक्षा, राजस्थान, जयपुर द्वारा गठित चयन समिति (बोर्ड) के सदस्यों की उपस्थिति में सम्पन्न होगी। चयन समिति में केन्द्र/गण के समादेष्टा या गण समादेष्टा, गृह रक्षा महानिदेशक के प्रतिनिधि तथा जिला पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। तीन दिनों तक चलने वाली इस नामांकन प्रक्रिया में केन्द्र के 125 रिक्त पदों के लिए कुल 5216 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
उन्होंनें बताया कि नामांकन प्रक्रिया के संबंध में प्रत्येक अभ्यर्थी को मोबाइल पर एसएमएस एवं ई-मेल के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी दिए गए लिंक अथवा विभागीय वेबसाइट http:home.rajasthan.gov.in/homeguards पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया लगभग तीन सप्ताह तक चलने की संभावना है, जिसके तहत अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों को अलग-अलग समय पर उपस्थिति के लिए बुलाया जाएगा।
उन्होनें बताया कि सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए महत्वपूर्ण निर्देशों की पूर्ण पालना करनी होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर आवश्यक मूल दस्तावेज जैसे जिले का मूल निवास प्रमाण-पत्र, आयु प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, चिकित्सा प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र तथा प्रवेश पत्र के साथ संलग्न अन्य आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होना होगा। नामांकन स्थल पर प्रवेश करने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को ग्राउंड से बाहर जाकर दस्तावेज लाने की अनुमति नहीं होगी।
इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नम्बर 02932-294116 तथा मोबाइल नम्बर 6376632218 पर संपर्क किया जा सकता है।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


