*राजमखी मेला’ में दो लाख से अधिक का व्यापार,*
*ग्रामीण महिला उद्यमियों को मिला सशक्त मंच*
पाली, 23 फरवरी। जिला प्रशासन एवं राजीविका के तत्वावधान में स्थानीय रामलीला मैदान में आयोजित दो दिवसीय ‘राजमखी मेला’ ग्रामीण महिला उद्यमियों के लिए अत्यंत सफल रहा। 21 एवं 22 फरवरी को आयोजित इस मेले में शहरवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
मेले के दौरान विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थापित स्टॉलों के माध्यम से कुल 2 लाख रुपये से अधिक का व्यापार दर्ज किया गया।
*पहले दिन उमड़ी भीड़*
मेले के उद्घाटन के साथ ही जिले के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की स्टॉलों पर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। हस्तशिल्प, घरेलू मसाले, सजावटी सामग्री एवं पारंपरिक राजस्थानी परिधानों की विशेष मांग रही।
*दूसरे दिन बिक्री में उछाल*
रविवार को अवकाश होने के कारण आगंतुकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई, जिससे बिक्री में जबरदस्त उछाल आया और कुल व्यापार 2 लाख रुपये के आंकड़े को पार कर गया।
*फूड स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र*
मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए शुद्ध एवं पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों ने आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। स्वच्छता एवं घर जैसे स्वाद के कारण फूड स्टॉलों पर दिनभर भीड़ बनी रही, जिससे कुल बिक्री में महत्वपूर्ण योगदान मिला।
23 फरवरी को सोजत ब्लॉक से राजीविका समूह से जुड़ी महिलाओं ने मेले का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों से खरीदारी की।
जिला प्रशासन ने मेले की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।
Author: Gautam Ujala
CHHAGAN LAL BHARDWAJ, Chief Additor, Pali( Rajsthan) mo-95090 70217


